Delhi Nangloi DTC Bus Accident: 3 की मौत, 4 घायल, गुस्साई भीड़ ने बस में आग लगाई
दिल्ली के नांगलोई में एक तेज रफ्तार DTC बस ने राहगीरों और वाहनों को कुचल दिया, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए। हादसा नांगलोई-नजफगढ़ रोड पर हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बस ने पहले एक ई-रिक्शा और फिर स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मारी। मृतकों में से एक की पहचान निहाल विहार निवासी रविकांत शर्मा के रूप में हुई है।
हादसे के तुरंत बाद गुस्साई भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई और बस में आग लगा दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि घायल लोग बस के नीचे पड़े हैं और आसपास खून फैला है। लोग उन्हें बस के नीचे से निकालते हैं और अस्पताल पहुंचाने की कोशिश करते हैं। बस के शीशे टूटे हुए और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, भीड़ ने बस को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और आसपास की अन्य बसों को भी नुकसान पहुंचाया। पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और घटना की जांच जारी है। इलाके में भारी जाम और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि दुर्घटना स्थल के पास न जाएँ और जांच में सहयोग करें।



