
Children’s Day Celebration: नीलकंठ अपार्टमेंट में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया बाल दिवस : संजय कुमार जैन
नई दिल्ली (स्पर्श भारद्वाज): देशभर में 14 नवंबर को मनाए जाने वाले बाल दिवस के अवसर पर पटपड़गंज के आईपी एक्सटेंशन स्थित नीलकंठ अपार्टमेंट में हर्षोल्लास के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह दिन देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह के कारण उन्हें चाचा नेहरू के नाम से भी जाना जाता है। नेहरू जी का मानना था कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनके व्यक्तित्व, शिक्षा तथा बेहतर परवरिश से ही देश का उज्ज्वल भविष्य तैयार होता है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए आयोजित कार्यक्रम में बच्चों के उत्साह और प्रतिभा को प्रोत्साहित किया गया।
मधु विहार मार्केट के पास स्थित नीलकंठ अपार्टमेंट में रिसोर्स ई-वेस्ट सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड, पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया की ओर से बाल दिवस के उपलक्ष्य में इस विशेष आयोजन का संचालन किया गया। कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर संजय कुमार जैन के मार्गदर्शन में बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मेडल, सर्टिफिकेट और उपहार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने पर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरे आयोजन में उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।
इस अवसर पर कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर संजय कुमार जैन ने सभी बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा, “मेरे प्यारे बच्चों, इस चांद की तरह आप लोगों का भविष्य भी उज्ज्वल और चमकदार हो। आप हमेशा खुश रहें, आगे बढ़ें और अपने सपनों को पूरा करें—यही हमारी दुआ है।” उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को खुशी देने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना भी रहा।


बाल दिवस के इस आयोजन में बच्चों के मनोरंजन और प्रोत्साहन के साथ पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा महत्वपूर्ण संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को ई-वेस्ट यानी इलेक्ट्रॉनिक कचरे के उचित प्रबंधन के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि इलेक्ट्रॉनिक कचरे का सही तरीके से निस्तारण और प्रबंधन क्यों आवश्यक है तथा इसके पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य पर क्या दुष्प्रभाव पड़ सकते हैं। साथ ही ई-वेस्ट के व्यवस्थित प्रबंधन से होने वाले लाभों की जानकारी भी साझा की गई। इस तरह कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों और सोसाइटी के निवासियों को सामाजिक जागरूकता के साथ पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में रिसोर्स ई-वेस्ट सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड की ओर से रानी शिंदे, अभिमन्यु यादव, दीपक जैन और प्रेसिडेंट राहुल अग्रवाल उपस्थित रहे। वहीं नीलकंठ सोसाइटी के प्रेसिडेंट ललित मट्टा, सेक्रेटरी गणेश जी और सोसाइटी मैनेजर कैप्टन सिंह सहित सोसाइटी के अनेक गणमान्य महिला एवं पुरुषों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। सभी की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बनाया। बाल दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों के सम्मान, प्रोत्साहन और पर्यावरण जागरूकता को एक साथ जोड़ते हुए उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजन संपन्न हुआ।





आपकी राय