
Yamuna Dead Fish: यमुना में लाखों मरी मछलियां मिलने के मामले में वजीराबाद थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज
राजधानी दिल्ली में यमुना नदी में लाखों मरी हुई मछलियां मिलने के मामले में अब पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में पुलिस स्टेशन वजीराबाद में एफआईआर दर्ज की गई है। नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस को यमुना नदी में बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां पाए जाने के संबंध में शिकायत मिली थी, जिसके बाद यह कदम उठाया गया।
जानकारी के अनुसार, यह शिकायत दिल्ली सरकार यानी गवर्नमेंट ऑफ एनसीटी ऑफ दिल्ली (जीएनसीटीडी) के इरिगेशन एंड फ्लड कंट्रोल डिपार्टमेंट की ओर से दी गई थी। विभाग की शिकायत को आधार बनाते हुए वजीराबाद थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353, 352 और 240 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। एफआईआर अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज की गई है।
नॉर्थ जिले की डीसीपी निहारिका भट्ट ने कहा है कि मरी हुई मछलियों के इस मामले की कड़ी जांच की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े तथ्यों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

गौरतलब है कि दिल्ली में छठ पूजा से पहले यमुना नदी में मृत मछलियां मिलने का मामला सामने आया था। इस दौरान यह आरोप लगाया गया था कि कुछ अज्ञात शरारती तत्वों ने जानबूझकर यमुना में मरी हुई मछलियां डाली हैं। इस घटना को छठ महापर्व के आयोजन और दिल्ली सरकार की छवि को नुकसान पहुंचाने की साजिश करार दिया गया था।
छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु यमुना के घाटों पर पहुंचकर सूर्य को अर्घ्य देते हैं, ऐसे में नदी में मरी मछलियां मिलने का मामला चर्चा का विषय बन गया। अब एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस घटना के पीछे कौन लोग हैं और आरोपों में कितनी सच्चाई है।





आपकी राय